दिल्ली में कड़कड़डूमा स्थित एक निजी इंस्टीट्यूट के बाहर पार्किंग विवाद में फरीदाबाद निवासी लॉ स्टूडेंट आयुष कौशल (22) की जमकर पिटाई की गई। गंभीर हालत में उसे हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां से उसे मैक्स अस्पताल ले जाया गया। शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं, आनंद विहार थाने की पुलिस ने हत्या के आरोप में मामला दर्ज करके इंस्टीट्यूट में ही पढ़ने वाले दो छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार फरीदाबाद सेक्टर-29 निवासी व्यवसायी अश्वनी का बेटा आयुष कड़कड़डूमा स्थित आइडियल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में लॉ का चौथे वर्ष का छात्र था। आरोप है कि गुस्साए अमित और तनुज ने आयुष की लात-घूंसों जमकर पिटाई कर दी। आयुष अचेत होकर वहीं गिर गया। इसके बाद दोनों फरार हो गए। इंस्टीट्यूट के छात्रों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
किस बात पर हुई थी कलह
शुक्रवार दोपहर वह इंस्टीट्यूट पहुंचा और बाइक पार्क करने लगा। इसी दौरान इंस्टीट्यूट में एजुकेशनल ट्रेनिंग की पढ़ाई कर रहे खिचड़ीपुर निवासी अमित नागर और वैशाली, गाजियाबाद निवासी तनुज तिवारी कार से वहां पहुंचे। अमित उसी जगह पर कार पार्क करना चाहता था, जहां आयुष बाइक लगा रहा था। इस बात पर आयुष की अमित से कहासुनी हो गई। बस पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने हेडगेवार अस्पताल में आयुष को दाखिल करवाकर परिजनों को सूचना दी। आनंद विहार थाना पुलिस ने आरोपी छात्रों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करके देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
उधर, परिजनों के आने के बाद आयुष को मैक्स अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां शनिवार सुबह साढ़े छह बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा जोड़ दी।