सुल्तानपुरी इलाके में रविवार देर रात ससुराल पहुंचकर हंगामा कर रहे एक युवक को पुलिस ने उसके सहयोगी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पत्नी को जबरदस्ती अपने साथ घर ले जाना चाहता था।
महिला के परिवार वालों के विरोध करने पर आरोपी पिस्टल निकालकर सभी को जान से मारने की धमकी देने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए।
दरअसल, आरोपी का अपनी पत्नी से मनमुटाव चल रहा है, जिसकी वजह से महिला अपने मायके आ गयी थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार पकड़े गये आरोपी की पहचान गांव बोहर, रोहतक हरियाणा निवासी यशपाल (27) और देवेंद्र (27) के रूप में हुई है।
रविवार रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को पूंठकलां में झगड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिस्टल लेकर धमका रहे यशपाल और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि यशपाल की शादी पूंठकलां निवासी राखी से हुई थी। यशपाल आईटीआई में ठेके पर केंटीन चलाता है। कुछ दिन पहले राखी का पति से झगड़ा हो गया।