शनिवार सुबह संजीव कौशिक अपने भाई के घर गए और बेटे से मिले। उनके हाथ में एक बैग था। बेटे मनन ने बैग के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि इसमें कपड़े हैं, जोकि वे धोबी को देने जा रहे हैं।
दोपहर को करीब एक बजे मनन अपने घर पहुंचा तो देखा कि दरवाजा बंद है। इस पर उसने आसपड़ोस में अपनी मां के बारे में पता किया तो उनका कुछ पता नहीं चला। पिता का फोन मिलाया गया तो वह भी बंद था। इस पर पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रीन फील्ड कॉलोनी चौकी प्रभारी के अनुसार मौके पर पहुंच कर उन्होंने दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो दंग रह गए। बेडरूम महिला की लाश पड़ी थी और उसका सिर काट कर धड़ से अलग किया हुआ था।
फर्श पर खून ही खून बिखरा हुआ था। घटना की सूचना आला अधिकारियों, क्राइम ब्रांच व फोरेंसिक टीम को दी गई। जांच के बाद पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संजीव अपनी पत्नी पर शक करता था। उसे उसका किसी से बातचीत करना पसंद नहीं था। इसको लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
कई बार अंजू के मायके वालों ने भी संजीव को समझाया था, मगर वह किसी की नहीं सुनता था। पुलिस के अनुसार संभवतया शनिवार सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ होगा और संजीव ने पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या सुबह 9.30-10 बजे के आसपास हुई होगी।
पुलिस ने महिला के शव के पास एक कैंची बरामद की है। मगर उस पर न तो खून लगा हुआ है और ही अंगुलियों के निशान हैं। पुलिस का मानना है कि जिस तरह से गला काट कर हत्या की गई कैंची से वो संभव भी नहीं है।
ऐसे में माना जा रहा है कि शातिर दिमाग संजीव ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घटनास्थल पर कैंची फेंक दी और हत्या में प्रयुक्त हथियार लेकर फरार हो गया। पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी चेक कर रही है।