डिफेंस कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक शख्स ने सरेराह एक छात्रा से अश्लील हरकत की। पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने कुछ दूर पीछा कर आरोपी नरेंद्र सिंह यादव को पकड़ लिया।
पुलिस ने छेड़छाड़, घूरने, मारपीट और रास्ता रोकने आदि की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि अगले कुछ दिनों में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी जाएगी।
पुलिस के अनुसार गाजियाबाद की रहने वाली 19 वर्षीय क्षमा (बदला नाम) डीयू के दक्षिण दिल्ली स्थित कॉलेज में पढ़ती है। क्षमा बस से डिफेंस कॉलोनी आने के बाद सबवे पार कर एंड्रयूज गंज की ओर जा रही थी।
बताया गया है कि इसी दौरान एक शख्स ने उसे पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगा। सरेराह अचानक हुई इस घटना से क्षमा और आसपास के लोग दंग रह गए। इसके बाद आरोपी फरार हो गया।
छात्रा ने 100 नंबर पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने पीछाकर आरोपी को धर दबोचा। इसकी पहचान नरेंद्र सिंह यादव के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि नरेंद्र हौजखास क्षेत्रस्थित टैक्सी स्टैंड पर अपनी कार को टैक्सी के रूप में चलाता है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी छात्रा को न तो पहले से जनता था और न ही उससे कोई संबंध है। घटना के बाद युवती सदमे में हैं।