सरकार और बैंकों की ओर से चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद लोग फर्जी टेलीकॉलर के झांसे में आकर खाते से संबंधित सभी जानकारी दे लुट जाते हैं। सैनिक कॉलोनी में रहने वाली नेहा अरोड़ा भी इसी तरह के टेलीकॉलर के झांसे में आकर खाते में जमा एक लाख रुपये गंवा बैठीं। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
नेहा के मुताबिक 15 जून 2015 को उनके फोन पर खुद को राहुल शर्मा बताने वाले किसी व्यक्ति ने कॉल की। राहुल ने खुद को उनके बैंक का अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्हें डबल सिक्योरिटी वाला नया एटीएम कार्ड जारी किया जाना है इसके लिए पुराना एटीएम बंद किया जाएगा।
उसने नेहा से उनके एटीएम का नंबर, पिन नंबर, वैलिडिटी, सीवीवी नंबर आदि पूछ लिया। उसके बाद एक लाख से अधिक रुपये निकाल कर उनका खाता खाली कर दिया। एसएचओ एसजीएम नगर इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
सिंडीकेट बैंक के अधिकारी एसके अरोड़ा ने बताया कि किसी भी बैंक से ग्राहक को फोन कर उसके खाते या एटीएम संबंधी जानकारी कभी भी नहीं मांगी जाती है। यदि इस तरह की कोई कॉल आए तो यह समझ लें कि कोई ठग आपको लूटना चाहता है।