दनकौर के एक गांव में शनिवार को किशोरी से पड़ोसी युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। परिजनों के विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की।
पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, किशोरी के पिता ने आरोप लगाया है कि शनिवार शाम 14 साल की बेटी घर के पास में ही स्थित दुकान से सामान लेने गई थी।
रास्ते में दो युवकों ने उससे छेड़छाड़ कर दी। किशोरी ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने युवकों के घर जाकर शिकायत कर दी। इसके बाद युवक व परिजन किशोरी के घर में घुस आए और मारपीट की।
दनकौर कोतवाल अनिल प्रताप सिंह का कहना है कि आरोपी किशन स्वरूप, लाला, हरस्वरूप, रनबीर, नरेश, राजू और अन्नू समेत 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।