बुजुर्गों से परिचित की तरह मिल आशीर्वाद लेने के बाद उनके गहने उतरवा कर फरार होने वाले गिरोह ने सेक्टर 30 में रहने वाले जोगिंद्र सिंह को शिकार बना डाला। ठग उन्हें बातों में फंसा उनका सोने का कड़ा और अंगूठी उतरवा कर फरार हो गया।
पीड़ित के मुताबिक शुक्रवार सुबह वह घर के बाहर बैठे थे। इस दौरान एक युवक काले रंग की एक्टिवा स्कूटी से आया। युवक ने पैर छूकर उनका अभिवादन किया। वह पहचान नहीं पाए तो युवक ने कहा कि उसे उनके बेटे गिरविन सिंह ने भेजा है।
कहा कि गिरविन भाई उनके लिए सोने का कड़ा और अंगूठी बनवाना चाहते हैं इसलिए उसे भेजा है। इसके बाद युवक ने उनकी आंखों में आंखों डाल कर उन्हें सम्मोहित कर दिया।
इसके बाद नाप लेने के बहाने उनका कड़ा और अंगूठी उतरवा कर ले गया। उसके जाने के कुछ देर बाद उन्हें होश आया। सेक्टर 31 थाने के एएसआई अनूप सह ने बताया कि केस दर्ज कर स्कूटी सवार ठग की तलाश की जा रही है।