ग्रेटर नोएडा आईएफएस सोसाइटी के सामने रेत से भरे डंपर ने मंगलवार सुबह करीब 5 बजे ऑटो में टक्कर मार दी। सामने से हुई भीषण भिड़ंत में ऑटो चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। मृतकों में से दो सगे भाई हैं।
सभी रबूपुरा से नोएडा फेस टू स्थित सब्जी मंडी जा रहे थे। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया। घायलों को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया है। कासना थाना पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के बाद रबूपुरा उनके घर भेज दिया था।
रबूपुरा के नई रंगरेजान मोहल्ला निवासी राकीब (30), साजिद (25) दोनों पुत्र मेहताब, आसिफ (22) पुत्र अनीस, जावेद (28) पुत्र रईस और नईम (26) पुत्र हबीब रबूपुरा से नोएडा के फेस टू स्थित सब्जी मंडी से थोक में सब्जी लेकर वहीं मंडी के बाहर फुटकर में सब्जियां बेचते थे।
सुबह में यहीं पास में रहने वाले ऑटो चालक नरेश (38) पुत्र रामलाल के साथ वह नोएडा फेस टू जाने के लिए निकले। सुबह करीब पांच बजे जैसे ही ऑटो आईएफएस सोसाइटी के सामने पहुंचा तो सामने से तेज रफ्तार आ रहे रेत से भरे डंपर ने उसमें टक्कर मार दी।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची कासना थाने की दो पीसीआर ने सभी को आटो से निकालकर यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने राकीब, साजिद, आसिफ और नरेश को मृत घोषित कर दिया। देर शाम रबूपुरा में चारों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस डंपर चालक की तलाश कर रही है।
सड़क दुघर्टना में ऑटो में सवार चार लोगों की मौत हो गई। ऑटो में टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अभिषेक यादव, एसपी देहात