सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पूर्व अधिकारी से सेक्टर अल्फा-1 के कमर्शियल बेल्ट में पैसे निकालने के दौरान युवक ने एटीएम कार्ड बदलकर 23 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली। इसकी जानकारी मोबाइल पर मैसेज मिलने के बाद हुई। उन्होंने कासना कोतवाली में शिकायत दी है। सेक्टर गामा-1 निवासी पीएन यादव सूचना प्रसारण मंत्रालय से असिस्टेंट अकाउंटेंट पद से सेवानिवृत्त है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को वह कमर्शियल बेल्ट स्थित एक एटीएम से पैसे निकालने गए थे। मशीन में कार्ड से कुछ दिक्कत हुई। उनके पीछे कुछ युवक खड़े थे। उनमें से एक युवक ने मदद के बहाने एटीएम कार्ड मांगा। उसने एटीएम कार्ड बदल दिया। बदले कार्ड को उनके सामने कई बार एटीएम में लगाया। इसके बाद एटीएम खराब होने की बात कहकर कार्ड लौटा दिया।
पूर्व अधिकारी एटीएम बूथ से बाहर निकल आए। थोड़ी देर बाद उनके मोबाइल पर 23 हजार 500 रुपये के ट्रांजेक्शन का मैसेज आया। कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्र ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है।