सेक्टर-5 निवासी महिला ने अपने पति पर ही दो वर्ष की बेटी के यौन शोषण का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की शिकायत लेकर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।
एक प्राइवेट डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची के साथ यौन शोषण की पुष्टि बताई जा रही है। पुलिस इस रिपोर्ट की भी जांच कर रही है। बहरहाल, इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
पुलिस के मुताबिक, वैशाली सेक्टर-5 पांच निवासी महिला अपनी मां के साथ नोएडा सेक्टर-82 में रहती थी। सितंबर 2008 में वह नौकरी की तलाश में नोएडा सेक्टर-18 की एक कंपनी में आई थी।
वहां उसकी मुलाकात दनकौर निवासी एक युवक से हुई। युवक केबल कांट्रेक्टर का काम करता है। आरोप है कि युवक ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन दिन बाद उसे बुलाया और गनप्वाइंट पर जबरन कालकाजी मंदिर में उससे शादी की।
इसके बाद उसे दनकौर स्थित अपने घर ले गया। कुछ समय बाद उसके साथ वैशाली सेक्टर-5 के फ्लैट में रहने लगा। दो साल पहले उनकी बेटी हुई। महिला का आरोप है कि वह काफी समय से बेटी के साथ यौन शोषण कर रहा है।
इसकी शिकायत पहले भी उसने पुलिस को दी थी। मगर समझौता हो गया। बेटी की तबियत खराब होने पर जब उन्होंने मेडिकल कराया तो डॉक्टर ने यौन शोषण की पुष्टि की। जब उसने पुलिस के पास जाने को कहा तो वह फरार हो गया।