इंद्रा एंक्लेव कॉलोनी में तेज गति से जा रही सेंट्रो कार ने घर के बाहर बाइक साफ कर रहे अधेड़ को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
उपचार के दौरान दिल्ली के सेंट स्टीफन अस्पताल में अधेड़ की मौत हो गई। परिजनों ने कार चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मूल रुप से बागपत जनपद के शांकलपुठी गांव का रहने वाले धर्मेंद्र कुमार 47 पुत्र प्रीतम सिंह बालू बेचने का काम करते थे। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह घर के बाहर अपनी बाइक साफ कर रहे थे।
इसी दौरान वहां से गुजर रही तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने पहले वहां खडे़ ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मारी और उसके बाद भैंस के बच्चे का कुचल दिया। इसके बाद अनियंत्रित कार धर्मेंद्र को टक्कर मारने के बाद वैगनआर कार से जा टकराई।
सेंट्रो एवं वेगनआर कार के बीच फंस जाने के कारण धर्मेंद्र बुरी तरह घायल हो गए। तत्काल ही परिजन उन्हें सेंट स्टीफन अस्पताल में ले गए, वहां देर रात उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद सेंट्रो चालक जमील मौके पर कार को छोड़कर भाग गया। धर्मेंद्र के परिजनों ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
धर्मेंद्र के परिवार में पत्नी के अलावा 17 वर्षीय पुत्र राजा तथा दो शादीशुदा पुत्रियां हैं। बार्डर थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी कार चालक नशबंदी कॉलोनी का रहने वाला है, उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।