ड्रग्स के लिए परिवार वालों से रुपये नहीं मिलने पर वाहन चोरी करने वाले दो बदमाशों को पंजाबी बाग थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर पांच बाइक बरामद की हैं। बदमाशों की गिरफ्तारी से पुलिस ने पांच मामले सुलझाने का दावा किया है।
जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि एक अप्रैल को मादीपुर चौकी में विनोद नाम के व्यक्ति ने बाइक चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस की टीम ने मामले की जांच के दौरान कई बदमाशों से पूछताछ की।
वारदात में जेजे कॉलोनी मादीपुर निवासी सौरव के शामिल होने की बात सामने आई। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नांगलोई निवासी सतीश को भी गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों ड्रग्स एडिक्ट हैं। परिवार वालों से ड्रग्स के लिए रुपये नहीं मिलने पर दोनों वाहनों की चोरी करने लगे। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के कई गर्लफ्रेंड हैं। मौज मस्ती के लिए दोनों वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस इनके अन्य सहयोगियों का पता लगा रही है।