नई आबादी मोहल्ला में अवैध तमंचा बनाने वाली फैक्ट्री का दादरी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मौके से भारी मात्रा में तमंचे व उसे बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने एक को गिरफ्तार किया है जबकि फैक्ट्री का मालिक फरार हो गया है।
पुलिस ने बताया कि दादरी कोतवाली क्षेत्र के नई आबादी मोहल्ला के नजदीक सुनसान स्थान पर अवैध रुप से तमंचा बनाने की फैक्ट्री काफी दिनों से चल रही था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने छापेमारी कर मौके से सरफराज उर्फ बंटी पुत्र भूरा निवासी नई आबादी को तमंचा बनाते हुए दबोच लिया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित तमंचे बरामद किए हैं। वहीं फैक्ट्री का मालिक चांद पुत्र दीन मोहम्मद निवासी नई आबादी मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार सरफराज ने बताया कि वह सौ से अधिक तमंचे बनाकर अनिल दुजाना गैंग के बदमाशों को दे चुका है। कई गैंग की तरफ से और तमंचे बनाने के ऑर्डर भी मिले हैं, जिनको बनाकर देने की तैयारी चल रही थी। वहीं प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कालरा का कहना है कि फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जिन बदमाशों को तमंचे बनाकर दिए गए हैं। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही पूरा मामले का खुलासा किया जाएगा।
नशीले पदार्थ के साथ तस्कर गिरफ्तार
बादलपुर पुलिस ने बुधवार रात सादोपुर की झाल से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक किलो डोडा बरामद हुआ है। उसकी पहचान धूममानिकपुर निवासी विक्रांत के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बादलपुर पुलिस सादोपुर की झाल पर बुधवार रात में गश्त पर थी। इसी बीच वहां से जा रहे एक राहगीर पर पुलिस को शक होने पर रोककर तलाशी ली। उसके पास मौजूद थैला से डोडा बरामद हुआ।