विजयनगर के सिद्धार्थ विहार में पुलिस जैसी वर्दी पहने तीन बदमाशों ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियर मुकेश कुमार के घर लूटपाट की। शनिवार रात पुलिसवाले बताकर घर में घुसे बदमाशों ने उनके दोनों मासूम बच्चों को गन प्वाइंट पर ले लिया।
इंजीनियर और उनकी पत्नी को बंधक बना लिया। दो लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी और कैश लूट लिया। भीड़ के पीछा करने पर बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए।
मुकेश सिद्धार्थ विहार ब्लाक-111 फ्लैट नंबर-3267 में रहते हैं। वे खुर्जा के रहने वाले हैं। मोहननगर की एक कंपनी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। परिवार में पत्नी अर्चना, बेटा यश और बेटी पारुल हैं।
यश पांचवीं और पारुल चौथी में पढ़ती है। मुकेश ने बताया कि शनिवार रात करीब एक बजे उनके दरवाजे पर दस्तक हुई। उन्होंने पूछा कौन, तो जवाब आया पुलिसवाले हैं, जांच करने आए हैं।
उन्होंने गेट में लगी जाली से झांककर देखा तो तीन लोग थे, जो पुलिस जैसी वर्दी पहने थे। उन्होंने गेट खोल दिया। अंदर आते ही बोले, राघव कहां है? उन्होंने कहा कि यहां तो कोई राघव नहीं रहता।
अचानक तीनों ने तमंचे निकाल लिए। यश और पारुल को गन प्वाइंट पर ले लिया। मुकेश और अर्चना के चुनरी से हाथ बांध दिए। करीब आधे घंटे तक रहे बदमाशों ने फ्लैट खंगाल डाला।
करीब डेढ़ लाख के जेवर और 40 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर विजयनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। एसएचओ उपेंद्र यादव ने बताया कि लुटेरों की तलाश जारी है।
पड़ोसियों के घर भी की लूट की कोशिश
मुकेश ने बताया कि बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर पड़ोसियों का गेट खुलवाने को कहा। लेकिन वे घर से बाहर नहीं गए। उनके घर से निकले बदमाशों ने दूसरे ब्लाक में रहने वाली बुजुर्ग महिला का गेट खुलवाने की कोशिश की।
महिला ने गेट नहीं खोला। वह पीछे केगेट से भागकर सिक्योरिटी गार्ड के पास चली गई। गार्ड के शोर मचाने पर लोग जमा हो गए और बदमाशों के पीछे भागे। बदमाश फायरिंग करते सोसायटी की बाउंड्रीवाल से कूदकर भाग गए।
सहमे हैं बच्चे
मुकेश के दोनों बच्चे सहमे हुए हैं। रात का मंजर रविवार को भी उनकी आंखों में ताजा था। घर में पड़ोसियों और रिश्तेदारों का तांता लगा था।
बदमाशों ने पिया फ्रिज का पानी
मुकेश और अर्चना ने बताया कि एक बदमाश की उम्र करीब 45 साल रही होगी। वह गैंग का लीडर लग रहा था, जबकि बाकी दोनों 25-30 साल उम्र के थे। एक बदमाश छोटे कद का था। उन्होंने फ्रिज से बोतल निकालकर पानी भी पिया।