शहर के पॉश एरिया में स्थित कोठी में डकैती डालने की नीयत से एक घरेलू नौकरानी ने घर के सभी सदस्यों को दाल में नशीली गोलियां मिलाकर खिला दीं लेकिन पुलिस को घटना से पहले ही भनक लग गई और दो महिलाओं समेत आठ लोगों को पकड़ लिया।
इनमें से दो पर पहले भी दिल्ली और कोलकाता में चोरी-डकैती के मामले दर्ज हैं। अब पुलिस पूछताछ के लिए सभी को रिमांड पर लेगी। मामला डीएलएफ फेज-2 में एक एमएनसी के निदेशक की कोठी का है।
डीसीपी क्राइम सुमित कुमार ने बताया कि रविवार रात क्राइम यूनिट सेक्टर-17 के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र चौहान को डीएलएफ फेज-2 के एम-2 ब्लाक के पास में बोरिंग के कोठडे़ में से छह युवक व एक युवती के छुपे होने की सूचना मिली।
उन्होंने टीम तैयार कर मौके को घेर लिया। पुलिस ने मौके से बिहार के जिला मधुबनी के गांव परसाही निवासी सुनील (27), गांव चतरू मंडल भुजियासी निवासी सत्यनारायण (28), गांव घोट प्रसाही निवासी रामकुमार ठाकुर (24), गांव भौभोरा निवासी रामक्लेश उर्फ ऋतिक राम (19), गांव बथलाह निवासी अरविंद (27), गांव घुसई निवासी मोहम्मद जाहिर (27), ओडिशा के जिला पूर्व मेहंदीपुर के गांव थलामी निवासी माधुरी (20) व ओडिशा निवासी मंजू उर्फ पूनम को गिरफ्तार किया गया है।
छह आरोपी कक्षा 5 से 10वीं तक ही पढ़े हैं, जबकि गैंग का मुखिया सत्यनारायण व अरविंद्र अनपढ़ हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो देशी कट्टे, दो कारतूस, एक लोहे की रॉड, एक स्टील की रॉड, एक सरिया, एक चाकू और एक रस्सी बरामद की है।