बेगमपुर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने एक कलेक्शन एजेंट से लाखों रुपये लूटे और फरार हो गये। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार किशोर सपरिवार रिठाला गांव में रहता है। वह बेगमपुर स्थित एक कंपनी में कलेक्शन एजेंट का काम करता है। मंगलवार सुबह मालिक संदीप ने फोन कर बताया कि वह आते हुए बुध विहार के एक पार्टी से कलेक्शन कर कार्यालय आ जाए।
किशोर बुध विहार चला गया और पार्टी से रुपये लेने के बाद वह रोहिणी स्थित एक बैंक में जमा करवा दिया। उसके बाद वह अलग अलग पार्टियों से रुपये लेने के बाद कार्यालय पहुंचा। कुछ देर बाद मालिक ने उसे पांच लाख रुपये दिए और उसे बैंक में जमा करने के लिए कहा।
किशोर अपनी बाइक से रुपये जमा करने के लिए निकला। रोहिणी सेक्टर 23 के पास सड़क खराब होने की वजह से उसने अपनी बाइक धीमी कर दी। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां आ धमके और उससे बैग छीनने लगे।
विरोध करने पर बदमाशों ने उसे हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उससे बैग छीनकर फरार हो गये। किशोर ने घटना की जानकारी मालिक और पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में कर उसकी जांच की जा रही है।