दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में बदमाशों ने एक एटीएम को तोड़कर लूट का प्रयास किया। इसकी भनक लगते ही लोग वहां पहुंच गए। वहीं लोगों को आता देख पकड़े जाने के डर से बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार रविवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश वीर बाजार रोड पर स्थित एक बैंक का एटीएम तोड़ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे।
पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि बदमाशों ने मशीन को तोड़ने का प्रयास किया लेकिन वे इसमें कामयाब नहीं हो पाये। मुकुंदपुर निवासी अमरजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका साला सुबह काम पर जा रहा था।
इसी दौरान उसने कुछ बदमाशों को एटीएम में तोड़फोड़ करते देखा। वह चुपचाप वहां से निकल गया और फोन पर अमरजीत को इस बात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह घर से निकलकर एटीएम के पास पहुंचा।
उसको आता देख बदमाश वहां से भाग निकले। अमरजीत ने फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एटीएम से पैसे चोरी नहीं हुए हैं। लेकिन इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की पहचान की जा रही है।