एचएलएम इंस्टीट्यूट परिसर में स्थित महालक्ष्मी कॉलेज फॉर गर्ल्स में सोमवार को बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा सोनिका (22) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत केे कारण का पता नहीं चल सका।
परिजनों ने पुलिस से जांच की मांग की है। उधर, सीढ़ियों से पैर फिसलने या छत से गिरने के कारण छात्रा की मौत होने की कॉलेज में चर्चा है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
मुरादनगर की शंकर विहार कालोनी में मदनपाल सिंह परिवार समेत रहते है। उनकी दूसरे नंबर की बेटी सोनिका(22) महालक्ष्मी कॉलेज फॉर गर्ल्स में बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
मृतका के ताऊ डीएस सिंह ने बताया कि सोमवार शाम 4 बजे कॉलेज प्रशासन ने सूचना दी कि सोनिका फर्श पर गिरकर घायल हो गई। वह आईटीएस अस्पताल में भर्ती है।
परिजन आईटीएस में पहुंचे तब तक छात्रा गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल के लिए रेफर किया जा चुका था।
जहां उपचार के दौरान शाम करीब साढ़े 6 बजे छात्रा की मौत हो गई। मदनपाल सिंह का कहना है कि उन्हें नहीं पता उनकी बेटी की मौत कैसे हुई है।
उधर, एचएलएम इंस्टीट्यूट की डायरेक्टर सुमन चौहान का कहना है कि कॉलेज प्रशासन अपने स्तर पर छात्रा कहां से गिरी है जांच करा रहा है। हालांकि कॉलेज परिसर में छात्रा के सीढ़ियों से पैर फिसलने या छत से गिरने दोनों ही चर्चा में है।
थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले में जांच चल रही है। मौके से छात्रा की टूटी चप्पल और खून से सनी बाल्टी मिली है।
हकीकत जानने के लिए शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।