प्यार में धोखा मिलने पर गोकलपुरी इलाके में लॉ के छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। छात्र की शिनाख्त पवन कुमार (28) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पवन अपने परिवार के साथ बी-83, गली नंबर-1, भागीरथी विहार में रहता था। इसके परिवार में मां धर्मवती और एक बड़ा भाई भरत व भरत की पत्नी है।
पवन दिल्ली के एक कॉलेज से लॉ कर रहा था। सोमवार को उसकी भाभी दूसरी मंजिल स्थित कमरे में पवन को बुलाने गई, तो उसने देखा कि वह फांसी पर लटका था। परिजन फौरन उसे फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पवन के कमरे की तलाशी लेने पर वहां से पुलिस को एक सुइसाइड नोट बरामद हुआ। पवन ने नोट में लिखा था कि वह एक लड़की से प्यार करता था। लड़की भी उसके साथ प्रेम करने की बात करती थी।
लेकिन रविवार को उसने लड़की के मोबाइल पर कॉल किया तो एक युवक ने फोन उठाया और कहा कि वह उसका प्रेमी बोल रहा है, दुबारा फोन मत करना। इससे दुखी होकर उसने मौत को गले लगा लिया। मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।