सुप्रीम कोर्ट के वकील की चेन छीनकर भाग रहे बदमाश को जब सिपाहियों ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाश हवा में कट्टा लहरा कर भागता रहा। वह रुक-रुक कर बीच-बीच में सिपाहियों को धमकी देता था कि वह गोली मार देगा।
उसकी धमकी से सिपाही ठहर जाते थे। बदमाश ने एक सिपाही पर गोली भी चला दी। हालांकि गोली से किसी को नुकसान नहीं हुआ। सिपाहियों ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी जान की परवाह किए बगैर एक बदमाश को काफी दूर तक पीछाकर दबोच लिया। दूसरा बदमाश फरार होने में कामयाब हो गया। ये वारदात रविवार रात को पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश-एक के गुरु नानक मार्केट में हुई।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार विकास मोहंती सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं और ग्रेटर कैलाश-एक के आर ब्लॉक में रहते हैं। रविवार रात को खाना खाने के बाद पान खाने के लिए निकले थे। वह डब्ल्यू ब्लॉक में गुरु नानक मार्केट में एक दुकान से कुछ सामान लेकर अपनी गाड़ी में बैठने लगे तभी एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर कट्टा लगा दिया।
बदमाश ने कहा कि उसके पास गन है और उसे सोने की चेन चाहिए। कनपटी पर कट्टा लगी देख वकील विकास मोहंती ने सोने की चेन बदमाशों को दे दी। कुछ दूरी पर एंटी स्नैचिंग प्वाइंट पर ड्यूटी कर रहे सिपाही कैलाश, दिनेश और अनुसूईया प्रसाद को इसकी भनक लगी। जब वह वारदात वाली जगह की तरफ लपकते बदमाश भाग खड़े हुए। एक बदमाश बाइक से फरार हो गया जबकि दूसरा पैदल ही भागने लगा।
बदमाश को लगा कि सिपाही उसका पीछा कर रहे हैं और उसने पहले तो हवा में कट्टा लहराया और फिर सिपाही कैलाश पर गोली चला दी। हालांकि गोली कट्टे से ठीक से नहीं चली थी। सिपाहियों ने पीछाकर बदमाश फुरकान को पकड़ लिया। फुरकान गुलावटी, बुलंदशहर का रहने वाला है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उसके फरार साथी का नाम रियासत है और वह पसोंदा, गाजियाबाद का रहने वाला है। रियासत को पकड़ने के लिए ग्रेटर कैलाश थानाध्यक्ष संदीप घई की देखरेख में विशेष टीम बनाई है।