पेट्रोल पंप संचालक से एक लाख रुपये की रिश्वत लेने पर एक आयकर अधिकारी को सीबीआई ने मंगलवार को उद्योग विहार फेस-5 से रंगेहाथाें गिरफ्तार किया है। सीबीआई आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश करेगी।
सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने सीबीआई को शिकायत दी थी कि उनके बेटे के नाम पर नूंह जिले में एक पेट्रोल पंप है। उनके द्वारा प्रत्येक वर्ष आयकर भरा जाता है। आयकर की ऑडिट के दौरान ऑडिट विभाग के आयकर अधिकारी अनूप सिंह ने उनके आयकर रिटर्न भरने में खामी निकाल दी और 10 लाख रुपये की आय पर टैक्स लगाने की बात कही।
इसके लिए उन्होंने पेट्रोल पंप संचालक को अपने उद्योग विहार फेस-5 स्थित कार्यालय बुलवाया और इस संबंध में बात की। आरोप है कि मीटिंग के दौरान आयकर अधिकारी ने 10 लाख रुपये की आय पर टैक्स न लगाने की एवज में उनसे एक लाख रुपये मांगे।
गलवार को जब शिकायतकर्ता ने आयकर अधिकारी को उनके द्वारा रिश्वत में मांगी गई एक लाख रुपये की राशि दी तो सीबीआई ने उन्हें तुरंत दबोच लिया। सीबीआई उन्हें गिरफ्तार कर दिल्ली ले गई।
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आरोपी के महिपालपुर एक्सटेंशन दिल्ली स्थित निवास पर छापेमारी भी की गई है।