फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लूट में असफल होने पर मारी व्यापारी को गोली, CCTV कैमरे में कैद हुई वारदात

Wed, 13 Sep 2017 09:43 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन
बाइक सवार बदमाशों ने लूट में नाकाम होने पर सोमवार रात सेक्टर-50, डी-98 निवासी व्यापारी यादराम गर्ग को घर के बाहर गोली मारी थी। बदमाश व्यापारी से रुपयों से भरा बैग लूटने का प्रयास कर रहे थे। थाना सेक्टर-49 पुलिस को पड़ोस के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे से पूरी घटना की रिकॉर्डिंग मिल गई है। इसके आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन

सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से वारदात में तीन बदमाशों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। इनमें से दो बदमाशों ने यादराम गर्ग से बैग लूट का प्रयास किया था और नाकाम रहने पर उन्हें गोली मार दी थी।

इसके बाद दोनों हंसते हुए कुछ दूर बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ बैठकर भाग निकले थे। सिर में गोली लगने के बाद भी यादराम ने बैग नहीं छोड़ा था। उनके बैग में लगभग 15 हजार रुपये, दुकान की चाबियां व पेपर आदि रखे थे।
विज्ञापन


बदमाशों ने सोमवार रात करीब 10 बजे यादराम गर्ग गोली मारी थी। उस वक्त वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। घर के पास कार खड़ी कर वह घर में घुस रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनसे लूट का प्रयास कर गोली मार दी थी। यादराम की सेक्टर-9 में बालाजी पेंट्स एंड सेनिटेशन नाम से हार्डवेयर की दुकान है। वारदात के वक्त वह दुकान बंद कर ही घर लौट रहे थे। गोली चलने की आवाज सुनकर उनके पड़ोसी और परिजन घर से बाहर निकले और खून से लथपथ यादराम को सेक्टर-50 के नियो अस्पताल में भर्ती कराया था।
विज्ञापन

वेंटिलेटर पर हैं यादराम

demo pic
नियो अस्पताल में यादराम का इलाज न्यूरो सर्जन डॉ. अनिल धर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गोली सिर की हड्डी को तोड़ते हुए बाहर निकल गई है। हड्डी के टुकड़े दिमाग में घुस गए थे, जिससे उनके दिमाग में खून का थक्का जम गया था। इस वजह से रात में उनकी सर्जरी कर टूटी हुई हड्डियों को बाहर निकाल खून के थक्के को साफ किया गया। अब भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

पहले से इंतजार में खड़े थे बदमाश
यादराम के परिवार में पत्नी दो बेटी व एक बेटा है। बड़ी बेटी तनीषा ने बताया कि पिता की सेक्टर-9 में 20 साल पुरानी दुकान है। उनकी दुकान पर पांच लोग काम करते हैं। पिता बहुत मिलनसार है। उनकी कभी किसी से लड़ाई तक नहीं हुई, दुश्मनी होना तो बहुत दूर की बात है। उनके पिता या परिवार के किसी भी अन्य सदस्य के साथ पूर्व में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

तनीषा ने बताया कि सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से पता चला है कि पिता के घर पहुंचने से लगभग आधे घंटे पहले ही तीनों बदमाश घर के आसपास चक्कर लगाने लगे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे तीनों बदमाश उनके घर के बाहर सड़क पर खड़े हो गए। वहां दो बदमाश बाइक से उतर गए। बाइक चला रहा बदमाश घर से थोड़ा आगे जाकर खड़ा हो गया। रात करीब 10 बजे उनके पिता कार से घर पहुंचे।

वह कार खड़ी कर उतरे, तभी वहां खड़े दोनों बदमाश पीछे से उनके पास आए और बैग लूटने का प्रयास किया। उनके पिता छीनाझपटी में सड़क पर गिर गए, लेकिन बैग नहीं छोड़ा। इस पर बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। उनके घर के बगल की पीजी में रहने वाला युवक उस वक्त प्रथम तल की बालकनी में खड़ा था। उसने पूरी घटना को देखा है। उसने शोर भी मचाया, लेकिन बदमाश इतने निडर थे कि वारदात कर आसानी से चले गए। हमलावरों में से एक ने टोपी लगाई थी और दूसरे ने गले में मफलर जैसा कुछ डाला था।

सेक्टर के अन्य सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही पुलिस
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पड़ोस के घर से मिली सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के अलावा सेक्टर में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। अभी बगल के घर से जो सीसीटीवी रिकॉर्डिंग मिली है, उसमें बदमाशों का चेहरा बहुत स्पष्ट नहीं है। सेक्टर के गेट पर लगे कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें