गांव पाली स्थित पावर हाउस की चारदीवारी के साथ लगे अंडर ग्राउंड केबल के बाक्स के पास मंगलवार दोपहर को खेल रहे चार बच्चे उससे निकली चिंगारियों और करंट लगने के कारण झुलस गए। चारों को बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से एक बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव की अस्थल कालोनी निवासी बीसू (9) पुत्र श्याम सिंह, सुरेश (11) पुत्र धनीराम, दीपक (9) पुत्र श्रवण सिंह व जीतू (8) पुत्र छन्ना राम घर के पास ही बने पावर हाउस के पास खेल रहे थे। पाली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रहलाद सिंह ने बताया कि खेलते हुए बच्चे वहां लगे अंडर ग्राउंड वायरिंग के लिए लगाए गए बाक्स के पास जा पहुंचे और उसके साथ छेड़खानी करने लगे।
इस दौरान कोई लोहे की चीज बाक्स से टकराने पर उसमें से चिंगारियां निकली और बच्चों को करंट लग गया। इससे चारों बच्चे झुलस गए। खेलने के दौरान बीसू बाक्स के सबसे नजदीक था, जिसके चलते वह करीब 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गया। चारों को चोरों को बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां से बीसू को सफदरजंग अस्पताल दिल्ली रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।