इंडिया इस्लामिक सेंटर में चल रहे शादी समारोह के दौरान बच्चा चोरों का गैंग दुल्हन के 60 लाख रुपये के सोने व हीरे के जेवरात उड़ा ले गया। मामले की सूचना तुगलक रोड थाना पुलिस को दी गई। मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज में 10 साल का बच्चा बैग ले जाते हुए दिखाई दे रहा है।
बैग ले जाने वाला बच्चा बढ़िया कपड़े पहनकर अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ शादी में आया था। पुलिस फुटेज के आधार पर बच्चों की पहचान कर तलाश करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित डॉक्टर हसन नकवी परिवार के साथ जीतार नगर में रहते हैं। शनिवार शाम को डॉ. नकवी की बहन की शादी थी। शादी समारोह लोधी रोड स्थित इंडिया इस्लामिक सेंटर में आयोजित किया गया था।
डॉ. नकवी ने बताया कि मेहमाननवाजी के बाद उन्होंने दुल्हन के करीब 60 लाख रुपये के सोने और हीरे के जेवरात लड़का पक्ष की एक महिला के हवाले कर दिए। रात करीब 1.00 बजे महिला ने देखा कि जेवरात से भरा हुआ भूरे रंग का बैग गायब था।
बैग गायब होने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। चारों ओर बैग की तलाश हुई। जब उसका पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को मामले की छानबीन और सीसीटीवी फुटेज व वीडियो से पता चला कि समारोह में पांच-छह बच्चों का गैंग मौजूद था।
सभी ने बढ़िया कपड़े पहने हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में उनमें से ही एक बच्चा चुपचाप बैग ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात में किसी संगठित गैंग का हाथ है, जो बच्चों के जरिये चोरियां करता है।