दिल्ली पुलिस ने लोकनायक अस्पताल की नर्स निर्मला देवी (45) की हत्या का मामला सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक वकील को सोनीपत से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक सोनीपत निवासी विश्वबंधु (34) ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। शादी का दबाव डालने से परेशान होकर उसने नर्स की हत्या कर दी थी।
मध्य जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार ने बताया कि 20 सितंबर की रात खरखोदा (सोनीपत) निवासी आनंद ने बहन निर्मला की हत्या की सूचना पुलिस को दी थी। नर्स स्टाफ क्वार्टर में अकेली रहती थी। उसका शव बाथरूम से बरामद किया गया था। घर का सामान बिखरा मिला था।
आईपी इस्टेट थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने नर्स के मोबाइल नंबर की जांच की, जिसमें पता चला कि नर्स की अपने वकील विश्वबंधु से लगातार बात हो रही थी।
वारदात से पूर्व आरोपी ने नर्स से बात की थी, उसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। तफ्तीश के दौरान पता चला कि विश्वबंधु निर्मला से मिलने के लिए उसके घर पर आता था और कई बार वहां ठहरता भी था। इन साक्ष्यों के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।