दक्षिण जिले की वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) ने वाहन चोरी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो पिछले एक वर्ष में वाहन चोरी की वारदात का शतक लगा चुके हैं।पुलिस ने इस गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है।
आरोपी चोरी के वाहनों को यूपी के एटा, मैनपुरी और फिरोजाबाद में बेचते थे। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह गिरोह के सदस्यों के साथ यूपी में अब तक चोरी के 100 से ज्यादा वाहनों को बेच चुका है।
दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह के अनुसार जिले में वाहन चोरी के मामलों को देखते हुए एएटीएस इंस्पेक्टर सुशील कुमार की देखरेख में एसआई गजेन्द्र सिंह की विशेष टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने वाहन चोरी की जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को फुटेज खंगाली। पता लगा कि शाहिद अपने साथी अमर उर्फ बंडर, फरमान, सलमान और मोनू दक्षिण व दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में वाहन चोरी की वारदात कर रहे हैं।
इसके बाद इंस्पेक्टर सुशील कुमार की टीम गिरोह के एक सदस्य शाहिद (38) को लाडो सराय से 29 मई को गिरफ्तार कर लिया था। चांदनहौला निवासी शाहिद के कब्जे से चोरी की वैगनआर कार बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पिछले एक वर्ष में एटा, मैनपुरी व फिरोजाबाद में 100 से ज्यादा वाहन डीलरों को बेच चुके हैं। चोरी के ज्यादातर वाहन फिरोजाबाद में बेचे हैं। ये दिन में रेकी करते थे और ऐसी कारों को चुराते थे जो पुरानी चाबियों से खुल जाते थे। यूपी के डीलर वाहनों को पुर्जों में काट देते थे, ताकि पुलिस उन्हें पकड़ न सके।