बरेली से हेरोइन लाकर दिल्ली में सप्लाई करने वाले एक ड्रग्स तस्कर को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दबोचा है। आरोपी के पास से 700 ग्राम हेरोइन और एक फोर्ड ईको स्पोर्ट्स एसयूवी गाड़ी भी बरामद की गई है। बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। संयुक्त आयुक्त प्रवीर रंजन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तम नगर, दिल्ली निवासी सागर उर्फ चिंटू (25) के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि उनकी टीम को शुक्रवार को सूचना मिली कि हेरोइन तस्कर सागर उर्फ चिंटू बरेली से हेरोइन लेकर दिल्ली आने वाला है। सूचना के बाद रिंग रोड पर चांदगी राम अखाड़ा के पास फोर्ड ईको कार को जांच के लिए रोका गया।
सागर की तलाशी लेने पर उसके पास से 700 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पिता कमल कुमार शराब तस्कर रहा है। उसने अपने पिता के साथ मिलकर पहले शराब की तस्करी की।
बाद में दुर्गा नामक शख्स के साथ मिलकर ड्रग्स का भी धंधा करने लगा। इसी दौरान वह बरेली के निहाल उर्फ भाईजान उर्फ भूरा के संपर्क में आया। सागर उससे हेरोइन लाकर दिल्ली में सप्लाई कर रहा था। पुलिस निहाल तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।