स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 50 हजार के इनामी बदमाश यूसुफ मेवाती उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया है। उस पर हत्या, डकैती, दुष्कर्म, अपहरण, राहजनी, लूट आदि के लगभग 20 केस गुजरात, राजस्थान, अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगंज, एटा में दर्ज हैं।
शातिर को एसटीएफ की टीम ने बृहस्पतिवार रात अलीगढ़ के बन्ना देवी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक यूसुफ ने 19 जून 2005 को रंजिश के चलते एटा के अलीगंज में राकेश नाम के युवक की हत्या करके शव जमीन में गाड़ दिया था।
12 जुलाई 2005 में लोढ़ा क्षेत्र में एक तांगे वाले से लूट करके उसकी हत्या कर दी और शव को अलीगढ़ के भीमपुर बंबे में फेंक दिया था। 30 दिसंबर 2005 में बबलू मेवाती ने अपने गैंग के साथ थाना लोढ़ा क्षेत्र में एक घर पर धावा बोला और 3 लोगों की हत्या कर दी।
शातिर घर के एक बुजुर्ग को अगवा कर लिया। बाद में बुजुर्ग की लाश अलीगढ़ की जवां नहर फेंक दी। 11 दिसंबर 2011 में लोढ़ा क्षेत्र के एक घर में डकैती डालते समय प्रेमपाल सिंह की हत्या कर दी और घर लूट ले गए।
4 जनवरी 2013 को थाना सासनी गेट इलाके में 8 लोगों के गैंग के साथ बबलू मेवाती ने डकैती डाली और घर की एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म की संगीन वारदात को अंजाम दिया। 2013 में ही मथुरा जिले के थाना फरह क्षेत्र में सड़क पर पेड़ काटकर डाल दिया और राहजनी की वारदात की।
उस दौरान शातिर कई वाहनों के सवारों को लूटा। सीओ राजकुमार मिश्रा ने बताया कि अभी एक सप्ताह पूर्व बबलू ने अपने गैंग के साथ अहमदाबाद (गुजरात) के थाना डाली लिमदा क्षेत्र में कपड़े के गोदाम को लूटकर फरार हो गया था। एसटीएफ ने शातिर को अलीगढ़ सेे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।