भाई ना बुलाने पर की फायरिंग में बच्चे को लगी गोली
- फोटो : अमर उजाला
गीता कालोनी में रविवार देर रात बदमाश को भाई कहने से इंकार किया तो इसी बात से नाराज होकर तीन-चार बदमाशों ने एक युवक के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। बदमाशों ने 12 से 14 राउंड गोलियां चलाई।
एक गोली लोहे के दरवाजे को चीरकर पीड़ित मुख्तार अली (22) के मासूम भाई के सीने में जा लगी। वारदात के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
घायल मासूम असगर अली (12) को गंभीर हालत में स्वामी दयानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।
सातवीं का छात्र है असगर
वो दरवाजा जिसे चीरकर बच्चे को लगी गोली
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस के मुताबिक मुख्तार अली परिवार के साथ ए-60 सरोजनी नायडू पार्क, शास्त्री नगर, गीता कालोनी में रहता है। इसके परिवार में पिता हैदर अली व तीन भाई जुल्फिकार, जाफर और असगर है।
असगर पास के सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र है। मुख्तार एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। रविवार रात करीब 8:30 बजे मुख्तार गीता कालोनी 12 ब्लॉक के पास एक रेहड़ी पर बर्गर खा रहा था।
इस बीच उसका एक जानकार मन्नी नामक युवक वहां बिल्ला व शिवम नामक युवक के साथ पहुंचे। बातचीत के दौरान मन्नी मुख्तार से कहने लगा कि बिल्ला इलाके का भाई है तू भी इसे भाई कह। मुख्तार ने बिल्ला को भाई कहने से इंकार किया तो इनका आपस में झगड़ा होने लगा।
घर पहुंचे और बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां
दीवार पर लगी गोली
- फोटो : अमर उजाला
जब दोनों पक्षों में झगड़ा होने लगा तो लोगों ने इनका बीच-बचाव करा दिया। मुख्तार को जान से मारने की धमकी देकर बदमाश वहां से चले गए। घर पहुंचकर मुख्तार ने पीसीआर कॉल कर पुलिस को सूचना भी दी।
आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद देर रात करीब 11:15 बजे बिल्ला, मन्नी और शिवम व अन्य मुख्तार के घर पहुंचे और उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। एक गोली दरवाजा चीरकर अंदर मौजूद मुख्तार के छोटे भाई असगर के सीने में जा लगी।
गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक बिल्ला दो दिन पूर्व ही जमानत पर जेल से छुटकर आया है। उस पर दो हत्याओं समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर बिल्ला को हिरासत में ले लिया है। बाकी आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
देखें वीडियो