डॉक्टरों की माने तो कोरोना का नया स्वरूप एक्सबीबी 1.16.1 लोगों को तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। हालांकि गंभीर नहीं कर रहा, लेकिन जो लोग पहले से ह्दय, कैंसर, दमा, टीवी सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं, उन्हें संक्रमित करने के साथ गंभीर बना रहा है। यही कारण है कि अप्रैल माह में कोरोना से काफी मरीजों ने दम तोड़ दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के कोरोना एप के अनुसार, दिल्ली के अस्पतालों में अभी 325 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 35 मरीज आईसीयू के साथ वेंटिलेटर पर भर्ती हैं। यह सबसे गंभीर मरीज हैं। इनमें से ज्यादातर मरीज कोरोना के साथ अन्य रोग से भी पीड़ित हैं। वहीं अस्पतालों में भर्ती मरीजों में से 310 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 105 मरीज वेंटिलेटर पर भर्ती हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि अभी कुछ और दिनों तक कोरोना के मामलों में तेजी रहने की आशंका है। इन दिनों विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। यदि सख्ती के साथ कोविड नियमों का पालन करते हैं तो संक्रमण फैसले का खतरा कम रहेगा। साथ ही अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज भी सुरक्षित रहेंगे।
बढ़ रही है संक्रमण दर
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार दिल्ली में कोरोना संक्रमण दर तेजी से बढ़ रही है। पिछले सप्ताह के मुकाबले दिल्ली के जिलों में 7 से 10 फीसदी तक की बढ़त दिख रही है। मंत्रालय के अनुसार दिल्ली के जिलों में नौ अप्रैल से 15 अप्रैल तक संक्रमण दर का आंकड़ा 37 फीसदी के स्तर को पार कर गया।