दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कोरोना की जांच बढ़ने के साथ मामले भी बढ़ रहे हैं। दिल्ली में बुधवार को 3569 लोगों की जांच में 16.98 फीसदी लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। कुल 606 नए मामले सामने आए हैं। वहीं स्वस्थ होने पर 340 मरीजों को छुट्टी दी गई, जबकि एक मरीज ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया।
दिल्ली में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 2060 हो गए हैं। इनमें से 1337 मरीज होम आइसोलेशन में और 117 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से नौ मरीज वेंटिलेटर पर, 49 मरीज आईसीयू पर और 32 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती हैं। वहीं इससे पहले बुधवार को मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने सिविक सेंटर में सभी अस्पतालों के प्रमुखों से समीक्षा बैठक की थी। इससे पहले कोरोना से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वे हिंदूराव अस्पताल पहुंचीं थीं।
मेयर ने बताया था कि वर्तमान में कोरोना स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। ऐसे में डरने की कोई भी बात नहीं है। निगम के सभी दस अस्पतालों में कोविड मरीजों के लिए अभी 3011 बेड मौजूद हैं। इनमें से 1477 बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा है।
वहीं, डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने बताया था कि दिल्ली सरकार के अस्पतालों की तरह निगम के अस्पताल कोरोना से लड़ने के लिए तैयार हैं। नेता सदन मुकेश गोयल ने लोगों से गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की। समीक्षा बैठक में मेयर को अस्पतालों के चिकित्सकों ने बताया कि कोरोना से निपटने के लिए निगम के अस्पतालों के पास पर्याप्त संसाधन, उपकरण, ऑक्सीजन और दवाइयां हैं।