संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। ईस्ट विनोद नगर स्टेडियम में खेले गए डीएसए-ए डिवीजन लीग 2025-26 के ग्रुप स्टेज मुकाबले में कॉन्शिएंट फुटबॉल क्लब ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए गुडविल फुटबॉल क्लब को 3-0 से शिकस्त दी। मैच की शुरुआत से ही कॉन्शिएंट ने आक्रामक खेल दिखाया और विपक्ष पर दबाव बनाए रखा। कॉन्शिएंट की ओर से कनक राज वोहरा ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद अर्नव चंद्र तमांग ने बेहतरीन मूव को गोल में बदलते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। मुकाबले के अंतिम क्षणों में वैभव पंचपाल ने तीसरा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी। मिडफील्ड में वरुण कामत और अक्षत तनेजा ने खेल की कमान संभाले रखी और कई आक्रमण तैयार किए। वहीं, डिफेंस में पुरन बहादुर, करण शर्मा और उत्कृष्ठ कुमरा ने शानदार समन्वय दिखाते हुए गुडविल के हमलों को विफल किया। गोलकीपर स्वास्तिक तिवारी ने कई बेहतरीन बचाव कर टीम को गोल नहीं खाने दिया। दूसरी ओर, गुडविल के दीपांशु बिष्ट, शाहमीर मिर्जा और कौशल सिंह महार के प्रयास नाकाम रहे।