आफताब बोले- छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शनिवार देर शाम नूंह में कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद के नेतृत्व में नूंह शहर में विजय मार्च निकाला गया। इस दौरान फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहीदा खान, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मोहम्मद कैफ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। विजय मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए इसे छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताया। कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने कहा कि यह विजय मार्च देश के करोड़ों छात्रों, युवाओं और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दृढ़ नेतृत्व को समर्पित है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लगातार छात्रों के मुद्दों को संसद से लेकर सड़कों तक मजबूती से उठाया, जिसके चलते केंद्र सरकार पर कार्रवाई का दबाव बना और अंततः शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। आफताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस हमेशा युवाओं, छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर उनके साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस आगे भी युवाओं की आवाज़ बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।