नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने ई20 इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को ई20 पेट्रोल खरीदने के लिए मजबूर कर रही है, जबकि इथेनॉल उत्पादन से किसानों को अपेक्षित आर्थिक लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इथेनॉल को बढ़ावा देने का फायदा चीनी मिलों, डिस्टिलरी और तेल कंपनियों को मिल रहा है, जबकि गन्ना किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। यादव ने कहा कि गन्ने का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन में बढ़ने से चीनी की उपलब्धता प्रभावित हो रही है और इसका असर कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन दिनों में चीनी की कीमत 50 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों से सीधे इथेनॉल फीडस्टॉक खरीदने के बजाय चीनी मिलों और निजी डिस्टिलरियों से खरीद कर रही है। यादव ने ई20 ईंधन से वाहनों को नुकसान होने का भी दावा किया और केंद्र सरकार से नीति की समीक्षा करने की मांग की। ब्यूरो