कहा-लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं
-सुवेंदु अधिकारी के सहयोगी की हत्या पर जताया दुख
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा और भाजपा नेता के सहयोगी की हत्या पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में हाल की हिंसक घटनाओं पर दुख जताते हुए इसे बेहद चिंताजनक बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सीएम ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बीच हिंसा की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा। पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है और उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि बंगाल में शांति, सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की बहाली जरूरी है।