केजरीवाल ने बादली विधानसभा क्षेत्र के लिबासपुर में नई बिल्डिंग का उद्घाटन किया। चार मंजिला बनी इमारत में 60 क्लासरूम, आठ लैब, दो लाइब्रेरी व लिफ्ट समेत सभी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। नए स्कूल के कारण लिबासपुर, जीवन पार्क, राणा पार्क, भगत सिंह पार्क, संजय कॉलोनी, स्वरूप नगर के बच्चों को 3.4 किलोमीटर दूर समयपुर व सीतापुर के सरकारी स्कूलों में पढ़ने नहीं जाना पड़ेगा। स्कूल में छात्र साइंस, कॉमर्स, आर्ट व वोकेशनल विषय की पढ़ाई कर पाएंगे। साथ ही मुक्केबाजी और कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए भी सभी अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आतिशी के अलावा बादली के विधायक अजेश यादव, अशोक कुमार, हिमांशु गुप्ता मौजूद रहे। कई गांवों की ओर से स्कूल का नाम समाजसेवी चौधरी रामशरण यादव के नाम पर रखने का प्रस्ताव आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्कूल का नाम चौधरी रामशरण यादव के नाम पर रखने पर विचार करेगी।
शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली सरकार देश में इकलौती सरकार है, जोकि अपने बजट का 25 फीसदी हिस्सा शिक्षा पर खर्च करती है। स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ शिक्षकों के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया है। जिससे बच्चों को वर्ल्ड क्लास की शिक्षा मिल सके। उन्होंने चुनौती दी कि इस स्कूल जैसी सुंदर लाइब्रेरी भारत के किसी स्कूल में नहीं मिलेगी। ऐसी लाइब्रेरी लंदन के स्कूलों में देखने को मिलती है।
2020 में शुरू हुआ था बिल्डिंग का निर्माण कार्य
सर्वोदय को-एड विद्यालय की इस नई बिल्डिंग को पीडब्ल्यूडी ने बनवाया है। 2012 में ग्रामसभा ने स्कूल बनवाने के लिए दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय को 14763 वर्ग मीटर जमीन दी थी, तभी जमीन की बाउंड्री कर दी गई थी। इस नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य वर्ष 2020 में शुरू हुआ था और मार्च 2023 में पूरा कर दिया गया। 14763 वर्ग मीटर जमीन में से करीब 3009 वर्ग मीटर जमीन पर ये बिल्डिंग बनी हुई है।
नर्सरी से 12वीं तक की होगी पढ़ाई
इस नई बिल्डिंग में वर्तमान शैक्षिक सत्र से नर्सरी से 12वीं तक की सभी कक्षाएं शुरू होंगी। स्कूल में दो हजार छात्रों का एडमिशन हो सकेगा। सीनियर सेकेंडरी के बच्चे साइंस, कॉमर्स, आर्ट और वोकेशनल विषयों में पढ़ाई कर पाएंगे। तीन ब्लॉक की नई बिल्डिंग में 50 क्लासरूम हैं। इसके अलावा 8 लैब, दो लाइब्रेरी के साथ-साथ ऑफिस और स्टाफ रूम के अलावा अन्य गतिविधियों के लिए भी अलग कमरे बने हुए हैं।