-सोमवार रात मेस में खाने के कूपन को लेकर डूूसू अध्यक्ष और समर्थकों पर झगड़े का आरोप
-ग्वायर हॉल रेजिडेंट ने शिकायत में लगाया आरोप डूसू अध्यक्ष से जुड़े सिक्योरिटी वाले बंदूक लेकर हॉस्टल में घुसे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में विवाद अभी थमा ही था कि दिल्ली विश्वविद्यालय के ग्वायर हॉल में हंगामे का मामला सामने आया है। नॉर्थ कैंपस स्थित ग्वायर हाल हॉस्टल में डूसू अध्यक्ष आर्यनमान के समर्थकों पर मेस में हंगामा और कर्मचारियों से हाथापाई के आरोप लगे हैं। इस दौरान डूसू अध्यक्ष की सिक्योरिटी में शामिल एक व्यक्ति ने बंदूक दिखाई और छात्रों को धमकाया। इस मामले में ग्वायर हाल रेजिडेंट ने शिकायत डीयू प्रॉक्टर कार्यालय को दी। जिसके बाद मंगलवार को प्रॉक्टर कार्यालय ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। ग्वायर हॉल रेजिडेंट ने आरोप लगाया कि सोमवार रात मेस कूपन को लेकर डूूसू अध्यक्ष आर्यन मान और उनके सिक्योरिटी से जुड़े लोगों ने हंगामा किया। बताया जा रहा कि डूसू अध्यक्ष के साथ जुड़े कुछ लोग हॉस्टल की टोकन बुक दिखाकर मेस से खाना लेने पहुंचे। जब मेस कर्मियों ने बिना अनुमति भोजन देने से इंकार किया तो विवाद शुरू हो गया। विरोध पर झड़प और हंगामा हुआ। आरोप है कि विरोध करने पर मेस स्टाफ को अभद्र भाषा भी बोली गई। डीयू प्रॉक्टर कार्यालय के दखल दिया और मामला सुलझा लिया गया। कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार छोटी सी बहस थी जो बढ़ गई। बंदूक दिखाने के आरोप पर कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है और कमिटी शिकायत की जांच करेगी। इस मामले को लेकर डूसू अध्यक्ष से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।