नई दिल्ली। ईस्ट विनोद नगर स्टेडियम में खेले गए डीएसए ए डिवीजन फुटबॉल लीग मुकाबले में सिटी फुटबॉल क्लब ने रॉयल एफसी को 1-0 से हरा दिया। मैच का एकमात्र गोल कप्तान अक्षय राज सिंह ने 30वें मिनट में कर टीम को बढ़त दिलाई। पहले हाफ में सिटी एफसी ने आक्रामक खेल दिखाया, जबकि रॉयल एफसी को गोल करने के मौके नहीं मिल सके। दूसरे हाफ में रॉयल एफसी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिटी की मजबूत डिफेंस लाइन ने हर प्रयास को विफल कर दिया। सिटी एफसी के लिए जतिन भारद्वाज, रुपेश मंडल और मोहम्मद ओवैस ने रक्षा में शानदार प्रदर्शन किया, जबकि गोलकीपर क्षितिज मेहता ने अहम बचाव किए। इस जीत के साथ सिटी एफसी ने लीग में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। संवाद