दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दाउद इब्राहिम के खास और अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के एक और गुर्गे को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शाहबाज के रूप में हुई है।
स्पेशल सेल अब तक छोटा शकील के दो शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, सेल तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। इसके लिए टीम ने उत्तरप्रदेश, पश्चिमी उत्तरप्रदेश व लोनी समेत एनसीआर में दबिश दी है। ये शूटर पाकिस्तानी मूल के लेखक तारिक फतह की हत्या करना चाहते थे।
गौरतलब है कि, स्पेशल सेल ने 7 जून को छोटा शकील के शूटर भागीरथ विहार, दिल्ली निवासी जुनैद चौधरी पुत्र असद अली को गिरफ्तार किया था। उसने खुलासा किया था कि छोटा शकील ने इस्लामी अतिवादी के विरोधी और पाकिस्तानी मूल के लेखक तारिक फतेह की हत्या करने की सुपारी दी है। उसके दो अन्य साथी दिल्ली-एनसीआर में मौजूद हैं।
स्पेशल सेल डीसीपी प्रमोद कुशवाह ने बताया कि शाहबाज अंसारी को बृहस्पतिवार रात गीता कॉलोनी बस स्टैंड के पास पुश्ता रोड से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 315 बोर की पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए गए हैं। शाहबाज अंसारी के खिलाफ हत्या के समेत दो अपराधिक मामले दर्ज हैं। हत्या का मामला गोकलपुरी थाने में दर्ज है। तारिक की हत्या के लिए छोटा शकील ने जो डेढ़ लाख रुपये जुनैद को भेजे थे उनमें से शाहबाज को करीब 20 हजार रुपये मिले थे।