चाबड़ी बाजार इमारत हादसा-
खबर-एक
- फोटो- तीन आरोपियों की।
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली-6 के चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन इमारत ढहने के मामले में सेंट्रल जिला पुलिस ने फरीदाबाद से तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम चार लोग घायल हुए थे। जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने शुक्रवार सुबह बयान जारी कर बताया कि आरोपियों की पहचान सिराज, ताजुद्दीन और फुरकान के रूप में हुई है। तीनों को फरीदाबाद के सिरोही गांव से गिरफ्तार किया है। वे पुरानी दिल्ली के अजमेरी गेट इलाके के रहने वाले हैं। इमारत हादसे के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत दर्ज मामले में तीनों ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त सिंह के मुताबिक, चावड़ी बाजार में बृहस्पतिवार सुबह 9 बजकर 48 मिनट पर तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली अग्निशमन सेवा और दिल्ली नगर निगम ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। मलबे से निकाले जाने के बाद दो मजदूरों किशोरी (40) और संजीत (45) की मौत हो गई थी। वहीं, सहदेव चौधरी (25) और फिरोज (37) को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।