उच्च शिक्षण संस्थान छात्रों के शैक्षणिक दस्तावेज का सत्यापन एनएडी के डिजिलॉकर प्लेटफॉर्म पर जाकर कर सकते हैं। सीबीएसई ने शैक्षणिक दस्तावेज को एनएडी के डिजिलॉकर प्लेटफॉर्म के साथ एकीकृत किया है। इस पर करीब 21 साल (2001 से 2022) तक के दसवीं व बारहवीं कक्षा के परिणाम उपलब्ध हैं। सभी दस्तावेज डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित हैं। दरअसल, सीबीएसई के पास नौकरी और उच्च शिक्षा के लिए दस्तावेज के सत्यापन के अनुरोध किए जा रहे हैं।
सीबीएसई के अनुसार यह दस्तावेज डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित हैं। प्रमाणीकरण के लिए इस पर पीकेआई आधारित क्यूआर कोड है। इन शैक्षणिक दस्तावेज को विशेष रूप से डिजाइन किए गए मोबाइल एप की मदद से सत्यापित किया जा सकता है। हर साल बोर्ड की परीक्षाओं में करीब 35 लाख छात्र परीक्षा देते हैं।
सीबीएसई के 16 क्षेत्रीय कार्यालय हैं और छात्रों का रिकॉर्ड उनके द्वारा बनाए जाता है। ऐसे में कई संस्थान और संगठन सीबीएसई से उनके परिणाम को सत्यापित करने का अनुरोध कर रहे हैं। इस कारण दस्तावेज के सत्यापन के कार्य में देरी हो रही है।
बोर्ड के अनुसार जब सीबीएसई ने डिजिटल शैक्षणिक दस्तावेज का एक ऑनलाइन भंडार विकसित किया हुआ है। ऐसे में बोर्ड ने ऐसे सभी संगठनों से आग्रह किया है कि वह सीबीएसई को सत्यापन के लिए अनुरोध नहीं भेजें। वह केवल ऑनलाइन पंजीकरण कराकर सत्यापन करवा सकते हैं।