केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं, जबकि बारहवीं की अंतिम परीक्षा मंगलवार (आज) होगी। इसके साथ ही बोर्ड ने उत्तरपुस्तिकाओं की चेकिंग का कार्य भी शुरू कर दिया है। दसवीं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य जहां अंतिम चरण में हैं तो बारहवीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक पूरा हो जाएगा। ऐसे में बोर्ड मई पहले-दूसरे सप्ताह तक दोनों कक्षाओं का रिजल्ट निकालने की तैयारी कर रहा है। चेकिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड को रिजल्ट निकालने में दस से बारह दिन का समय लगता है।
सीबीएसई की दसवीं-बारहवीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हुई थी। दसवीं की परीक्षाएं 13 मार्च को समाप्त हो चुकी हैं जबकि बारहवीं की मंगलवार (दो अप्रैल) को इंर्फोमेशन टेक्नालोजी, कंप्यूटर साइंस, इंर्फोमेशन प्रैक्टिकस की परीक्षा है। मूल्यांकन कार्य से जुड़े अधिकारी के अनुसार हर विषय के पेपर के साथ ही उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य को शुरू कर दिया गया था। विषय की परीक्षा हो जाने के बाद 5-6 दिन में मार्किंग स्कीम तय हो जाती है और उसके एक से दो दिन में मूल्यांकन कार्य को शुरू कर दिया गया। अमूमन एक पेपर का मूल्यांकन कार्य पूरा करने में सात से दस दिन लगते हैं।
अधिकारी के अनुसार दसवीं की परीक्षाएं पहले संपन्न हुई इसलिए इस कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तो अंतिम चरण में है। जबकि अभी बारहवीं के कुछ विषयों के मूल्यांकन कार्य को पूरा कर लिया गया है जबकि कुछ का बाकी है। अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक मूल्यांकन कार्य पूरा करने का प्रयास है। एक बार मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद रिजल्ट जारी करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा क्योंकि मूल्यांकन कार्य के साथ-साथ अंक भी अपलोड कर दिए जाते हैं। उत्तर पुस्तिकाओं की चेकिंग होने के बाद बोर्ड को रिजल्ट को अंतिम रूप देने में दस से बारह दिन का समय लगता है।
गत वर्ष भी मई की शुरूआत में आए थे परिणाम
सीबीएसई ने बीते साल भी मई की शुरूआत में ही रिजल्ट जारी किए थे। ऐसे में बोर्ड इस बार भी मई के पहले-दूसरे सप्ताह तक रिजल्ट निकालने की तैयारी कर रहा है। जिससे कि छात्रों का उच्च शिक्षा में दाखिला लेने में किसी प्रकार की समस्या नहीं आए। मालूम हो कि दसवीं व बारहवीं कक्षा के लिए इस बार करीब 39 लाख छात्र पंजीकृत हुए थे।