भाजपा बोली, भ्रष्टाचार के ट्विन टावर हैं सिसोदिया
भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर कड़ा प्रहार बोला है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि सिसोदिया भ्रष्टाचार के ट्विन टावर हैं। उन्होंने कहा कि जनता करप्शन का टेस्ट चाहती है, बहुमत का नहीं। 38 दिन हो गए हैं 15 सवालों का जवाब नहीं मिला। शहजाद पूनेवाला ने कहा कि दिल्ली को पाठशाला चाहिए, मधुशाला नहीं। भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने कई बार कक्षाओं के निर्माण की लागत में वृद्धि की और कई स्कूलों के शौचालयों को कक्षाओं के रूप में पेश किया ताकि बढ़ी हुई लागतों को सही ठहराया जा सके। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि आप सरकार एक रिवर्स रॉबिनहुड मॉडल का पालन कर रही थी, जिसमें गरीबों के लिए शराब माफिया के खजाने को भरने के लिए पैसे ले लिए गए थे।
स्कूलों के निर्माण में घोटाला हुआ: मनोज तिवारी
सांसद मनोज तिवारी ने उस घटना का हवाला दिया, जिसमें बाहरी दिल्ली के नांगलोई में एक सरकारी स्कूल की छात्रा की कक्षा में पंखा गिरने से उसके सिर पर चोट लग गई थी। उन्होंने कहा कि अब तक आप की नैतिकता गिर रही थी और अब उनके स्कूलों में पंखे भी गिर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई सरकारी स्कूलों में अर्ध-स्थायी संरचनाओं का इस्तेमाल किया गया था और यही वजह है कि पंखे छत से गिर रहे हैं। तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूलों के निर्माण में घोटाला हुआ है और सरकार ने कई परियोजनाओं में निर्माण की लागत को कई बार बढ़ाया है।
ये पूरी कार्रवाई गंदी राजनीति से प्रेरित: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि मनीष के घर से कुछ नहीं मिला, लॉकर से कुछ नहीं मिला। CBI जांच में कुछ नहीं निकला। मनीष की ईमानदारी और देशभक्ति फिर से पूरे देश के सामने साबित हो गई। जाहिर है कि इनकी पूरी कार्रवाई गंदी राजनीति से प्रेरित है। उम्मीद करता हूँ अब ये गंदी राजनीति बंद करके हमें अपना काम करने देंगे।
भाजपा शासित एमसीडी के स्कूलों का बुरा हाल: दिल्ली सीएम
भाजपा का आरोप है इतने ज्यादा सरकारी स्कूल क्यों बनाए, इतने क्लासरूम क्यों बनाए, हर क्लास में इतनी आधुनिक सुविधाएँ क्यों दी? क्योंकि हम देश के हर बच्चे को अच्छी से अच्छी शिक्षा देना चाहते हैं। अभी भाजपा शासित एमसीडी के स्कूलों का बुरा हाल है।