नोएडा के चर्चित करोड़ों के घोटाले के आरोपी नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे अथारिटी के चीफ इंजीनियर यादव सिंह मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ आज विशेष सीबीआई कोर्ट ने सख्त कार्यवाही करते हुए कुर्की का आदेश जारी कर दिया।
कोर्ट ने यादव सिंह की पत्नी कुसुम लता सहित पंकज जैन, ओमपाल सिंह और आरडी शर्मा के खिलाफ कुर्की का आदेश दिया है। मालूम हो कि यादव सिंह सहित अन्य गिरफ्तार आरोपी फिलहाल डासना जेल में बंद हैं।
यादव सिंह मामले में बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट 82 की कार्यवाही के आदेश पूर्व में ही जारी कर चुकी है। सीबीआई ने फरार आरोपियों के खिलाफ 83 की कार्यवाही किए जाने की अर्जी लगाई है।
एनआरएचएम घोटाले में फंसे यूपीएसआईसी के पूर्व निदेशक अभय कुमार वाजपेयी समेत चार आरोपियों को भी कोर्ट में पेश किया जा चुका है। सभी आरोपी फिलहाल जमानत पर चल रहे हैं। इससे पहले आरोपी नरेश ग्रोवर, अभय वाजपेयी, डा. राजाराम और सुनील चौहान सीबीआई की विशेष कोर्ट में पेश हो चुके हैं।