खेड़ा चौगानपुर गांव में मंदिर के पास पांच मंजिला इमारत अचानक झुक गई है। इस इमारत में 25 परिवार किराये पर रह रहे थे। हादसे की आशंका से मामले की शिकायत ग्रेनो प्राधिकरण से की गई थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर जाकर जांच की और इमारत खाली कराकर सील कर दिया। बताया गया है कि इमारत के आसपास बने मकानों में भी दरार आ गई है। इस मामले में पहले प्राधिकरण ने मकान मालिक को नोटिस जारी किया था।
वहीं, इमारत की जांच के लिए आईआईटी दिल्ली को भी पत्र लिखा गया। इससे पहले भी ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी में हादसे की आशंका से कई मकानों को सील किया गया था। दिल्ली आईआईटी की रिपोर्ट के बाद इन्हें गिराने का दावा किया गया था। लेकिन अब तक इमारतों के नहीं गिराने से वहां भी हादसे की आशंका बनी हुई है।