संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बघौला के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में एक कार चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। शहर की गांधी आश्रम कॉलोनी निवासी सोनू शार्वन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई जगजीत शर्मा शनिवार रात करीब साढे नौ बजे फरीदाबाद स्थित अपने कार्यालय से सफेद रंग की टोयोटा इटियॉस कार से घर लौट रहा था। नायरा सीएनजी पंप, बघौला से पहले किसी अज्ञात वाहन ने लापरवाही से कार को टक्कर मार दी। हादसे में जगजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस उसे शहर के निजी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों सौंप दिया है। इसके साथ ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।