पत्राचार विद्यालय के विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए तैयार करने की शिक्षा निदेशालय ने पहल की है। दरअसल निदेशालय ने नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं में पढ़ने वालों के लिए रिमेडियल कक्षाओं का कार्यक्रम घोषित किया है।
कक्षाओं के लिए 26 सेंटर बनाए गए हैं। शेड्यूल के मुताबिक, 10 जनवरी से यह कक्षाएं शुरू होंगी। सभी कार्य दिवसों में 18 दिन सुबह दो बजे से सायं 6:00 बजे तक कक्षाएं चलेंगी। निदेशालय का मानना है कि विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी के लिए यह कक्षाएं मददगार साबित होंगी।
लिहाजा, यहां उन्हें जरूर आना चाहिए। इन कक्षाओं में विद्यार्थियों के उन विषयों पर खास ध्यान दिया जाएगा जिसमें वह कमजोर हैं। इस तरह से न केवल उनकी विषयों पर पकड़ मजबूत होगी बल्कि उनकी तैयारी भी बेहतर होगी। इससे पत्राचार के नतीजों को सुधारने में भी मदद मिलेगी।
यहां बनाए गए हैं सेंटर
राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय नंद नगरी, आरपीवीपी यमुना विहार, वेस्ट विनोद नगर सह शिक्षा स्कूल, आरपीवीपी गांधी नगर, आरपीवीपी सूरजमल विहार, आरपीवीपी करोल बाग, सर्वोदय बाल विद्यालय मोती नगर, सर्वोदय बाल विद्यालय रमेश नगर समेत अन्य स्कूलों में सेंटर बनाए हैं।