सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए शिक्षा निदेशालय ने कमर कस ली है। बोर्ड परीक्षाओं की राह आसान बनाने के लिए शीतकालीन अवकाश के दौरान अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जा रही हैं।
इसके बाद सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में अगले माह 8 जनवरी से प्री-बोर्ड की शुरुआत हो जाएगी, जिससे कि उन्हें बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने में मदद मिल सकेगी।
परीक्षाओं में बच्चे अपनी उत्तर पुस्तिका को बेहतर तरीके से लिखें, इसके लिए प्री-बोर्ड संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर उनसे चर्चा की जाएगी। नौवीं, दसवीं और बारहवीं के लिए कॉमन प्री-बोर्ड होंगे।
उल्लेखनीय है कि सरकारी स्कूलों में कॉमन प्री-बोर्ड आयोजित किए जाते हैं। इसके लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से सीबीएसई पैटर्न पर कॉमन प्रश्नपत्र तैयार होता है। चूंकि 8 जनवरी से प्री-बोर्ड शुरू होने हैं, लिहाजा शिक्षा निदेशालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
स्कूल प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि बच्चों की उत्तर पुस्तिका पर चर्चा की जाए, उन्हें उनकी गलतियों के संबंध में जानकारी दी जाए। इसके पीछे उद्देश्य है कि बच्चे बोर्ड में उस गलती को न दोहराएं। 20 जनवरी को प्री-बोर्ड समाप्त हो जाएंगे।
इनकी तैयारी बिल्कुल बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी जैसी कराने के लिए स्कूलों को कहा गया है। इससे बच्चों को अपने स्तर का भी पता चल सकेगा और वह अपनी गलतियों में सुधार कर सकेंगे। प्री-बोर्ड संपन्न होने के बाद 27 जनवरी को इसके रिजल्ट जारी किए जाएंगे।