दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले की जानकारी लेने जाती हुईं छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए जारी दूसरी कटऑफ लिस्ट ने चौंका दिया है। हाई कटऑफ लिस्ट के बावजूद पहली कटऑफ लिस्ट में ही डीयू की कुल 62 हजार सीटों में से 23 हजार सीटें भर गई हैं।
पहली कटऑफ लिस्ट के बाद दूसरी कटऑफ में नामी कॉलेजों में ह्यूमेनिटीज (आर्ट्स-मानविकी) मसलन अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल, साइकोलॉजी कोर्सेज के दाखिले बंद हो गए हैं। खासकर, दूसरी कटऑफ लिस्ट में सामान्य श्रेणी के लिए आर्ट्स कोर्सेज में दाखिले के सीमित विकल्प हैं। हालांकि, साउथ कैंपस व आउट ऑफ कैंपस कॉलेजों में कई कोर्सेज में दाखिले मिल सकते हैं। दूसरी कटऑफ में औसतन 0.25 से लेकर 03 फीसदी तक की गिरावट आई है। अभी भी कई नामी कॉलेजों में दूसरी कटऑफ लिस्ट में बीकॉम व बीकॉम-ऑनर्स जैसे कोर्सेज में दाखिले का चांस है। साइंस कोर्सेज में भी दाखिले का विकल्प है। कुछ कोर्सेज में तो एससी, एसटी श्रेणी के दाखिले भी बंद हो गए हैं।
हंसराज : इको में 98 फीसदी पर दाखिला
नॉर्थ कैंपस के नामी कॉलेज हंसराज में 18 कोर्सेज में से 7 कोर्सेज में दाखिले पहली कटऑफ में ही बंद हो गए हैं। कॉलेज में इतिहास, हिंदी व संस्कृत-ऑनर्स जैसे कोर्सेज के दाखिले बंद हो गए हैं। बीकॉम-ऑनर्स, अंग्रेजी-ऑनर्स व इको-ऑनर्स के दाखिले खुले हुए हैं। कॉलेज ने सामान्य श्रेणी की इको-ऑनर्स की कट ऑफ में 0.50 फीसदी कम करते हुए दूसरी कटऑफ को 98 फीसदी रखा है।