केंद्रीय विद्यालय संगठन (मुख्यालय) ने बिहार के मुजफ्फरपुर केवी विद्यालय में छात्र के साथ हुई मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद दोषी छात्रों और विद्यालय प्रशासन के खिलाफ फैसला सुनाया है। केवी संगठन ने स्कूल के प्राचार्य को निलंबित करने केसाथ 13 शिक्षकों और एक सहायक का तबादला कर दिया है।
दोषी छात्रों को स्कूल से निष्कासित करने कै फैसला लिया है। तीन सदस्यीय कमेटी की जांच रिपोर्ट के बाद यह फैसला लिया गया है। केवी के पटना स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से एक अधिकारी को 15 दिनों केलिए तत्काल प्रभाव से स्कूल संचालन के लिए भेज दिया गया है।
बताते चले कि केवी संगठन ने पूरे मारपीट मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठन किया था। समिति ने जांच में पाया कि घटना 25 अगस्त, 2016 दोपहर की है। दोनों दोषी भाई पीड़ित छात्र को एक खाली कक्षा में ले जाकर पिटाई की।
वहां कक्षा में मौजूद अन्य सात छात्रों ने पिटाई कर रहे लोगों को रोका नहीं। स्कूल प्रशासन को भी सूचित नहीं किया। जांच समिति ने पाया कि विद्यालय प्रशासन द्वारा इस घटना को छुपाने का प्रयास भी किया गया।
केवी संगठन ने जो फैसला सुनाया उसमें दोषी छात्रों का तत्काल प्रभाव से निष्कासन, प्राचार्य राजीव रंजन को निलंबित किया गया। घटना के चश्मदीद छात्रों के खिलाफ संहिता कोड के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है। हटाए गए शिक्षकों के साथ वहां करीब आठ शिक्षकों की तत्काल प्रभाव से तैनाती कर दी गई है।